
नीतीश कुमार ने बताया ‘बदलते बिहार’ का विज़न
बीआरएन बक्सर। डुमराँव में शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार की विकास उपलब्धियों को विस्तार से जनता के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को नई दिशा दी है। आज राज्य सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और महिला सशक्तिकरण जैसे सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जहाँ लोग बिजली और सड़कों के लिए तरसते थे, वहीं अब हर गाँव में पक्की सड़कें और हर घर में बिजली पहुँच चुकी है। नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हों और बिहार आत्मनिर्भर बने। उन्होंने मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना और पोशाक योजना को बेटियों की शिक्षा में मील का पत्थर बताया। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जीविका समूहों की दीदियों को सरकार द्वारा 10 हजार रुपये की सहायता दी जा चुकी है, और आगे उन्हें 2 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि महिलाएँ अब आत्मनिर्भर बन रही हैं और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य में उद्योगों के विस्तार की बात करते हुए कहा कि बिहार में निवेश का माहौल लगातार बेहतर हो रहा है। उन्होंने मंच से एनडीए के उम्मीदवारों -राजपुर से संतोष कुमार निराला, बक्सर से आनंद मिश्रा, डुमराँव से राहुल सिंह और ब्रह्मपुर से हुलास पांडेय को जनता के सामने प्रस्तुत किया और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व शिक्षा मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास धरातल पर दिख रहा है। कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों से विद्यालयों में नामांकन बढ़ा है और गुणवत्ता में सुधार हुआ है।विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग आज आलोचना कर रहे हैं, वही कभी बिहार को पिछड़ेपन की ओर ले गए थे। जनता ने उन्हें नकार दिया है और अब बिहार विकास के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।सभा के अंत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपेन्द्र कुशवाहा और अन्य नेताओं ने जनता का अभिवादन स्वीकार किया। डुमराँव की यह सभा जनता के उत्साह और एनडीए के संकल्प से गूंज उठी।












