
मंदिर में पूजा-अर्चना कर निराला बोले—राजपुर के हर घर तक विकास पहुँचाना है लक्ष्य
बीआरएन बक्सर । विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित जदयू विधायक संतोष निराला ने शनिवार की सुबह मेन रोड स्थित ऐतिहासिक पंचमुखी महावीर मंदिर पहुँचकर विशेष पूजा-अर्चना की। सुबह लगभग मंदिर पहुँचने पर लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज़ों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद श्री निराला ने पंचमुखी महावीर जी का आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि तथा निरंतर विकास की कामना की। पूजा के उपरांत उन्होने कहा कि यह विजय जनता की है और वे इसे जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि राजपुर विधानसभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में ठोस पहल करना उनकी शीर्ष प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिस विश्वास के साथ जनता ने उन्हें चुनकर भेजा है, उसे वे निराश नहीं होने देंगे।
निराला ने आगे बताया कि वे बहुत जल्द क्षेत्र के दौरे पर निकलकर जनता से सीधे संवाद करेंगे और आवश्यक विकास कार्यों की रूपरेखा बनाकर उसे जमीन पर उतारने का काम शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास के प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मंदिर परिसर में मौजूद स्थानीय लोगों ने विधायक को जीत की बधाई दी और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। निराला ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।पूजा-अर्चना के दौरान जदयू कार्यकर्ता, समर्थक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण और उत्साह का माहौल देखने को मिला।













