
सिपाही घाट पर मकर संक्रांति पर भव्य पतंग महोत्सव, खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
बीआरएन बक्सर। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार तथा जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सिपाही घाट (सेंट्रल जेल रोड) पर पतंग महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और जिलेवासियों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि पौष मास में सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के दिन मकर संक्रांति मनाई जाती है, जिसे खिचड़ी पर्व के रूप में भी जाना जाता है। यह पर्व शुभता, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। इस दिन चूड़ा-दही, तिल-गुड़ से बने व्यंजन—तिलकुट, तिलवा—तथा रात्रि में खिचड़ी का विशेष महत्व है। लोग गंगा सहित पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना करते हैं और खुशियां आपस में साझा करते हैं।
महोत्सव के दौरान कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसमें महिमा साक्षी (एकल नृत्य), ओमकार दुबे, रवि रंजन चौबे, मनीष कुमार पटेल, शुभम कुमार, पायल मलिक, सृष्टि कुमारी, सिद्धार्थ कुमार (एकल गायन), राजेश कुमार सिंह (समूह नृत्य), गुरुकुल डांस एकेडमी, हीरो जैक्सन लक्ष्य ग्रुप, एमपी उच्च विद्यालय (समूह नृत्य) तथा मुकुंद कुमार (एकल नृत्य) की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
महोत्सव में बक्सर से जुड़ी विभिन्न लोक कलाओं और हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए गए। केंद्रीय कारा बक्सर के बंदियों द्वारा निर्मित खाद्य एवं अन्य उत्पादों को ‘मुक्ति आउटलेट’ के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिला। आध्यात्मिक दृष्टि से समृद्ध बक्सर की विरासत को रेखांकित करते हुए इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का निर्णय जिला प्रशासन द्वारा लिया गया।इस अवसर पर खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं—कबड्डी, खो-खो, रस्साकस्सी, म्यूजिकल चेयर, बोरा दौड़, स्पून रेस, फ्लैशमोब डांस और हैंडबॉल।
परिणाम इस प्रकार रहे:-
म्यूजिकल चेयर— सुमन कुमारी प्रथम, बंदना कुमारी द्वितीय।
स्पून रेस (पुरुष)— मो. शाहबाज प्रथम, उज्ज्वल कुमार सिंह द्वितीय।
स्पून रेस (महिला)— रागनी कुमारी प्रथम, मुनिता कुमारी द्वितीय।
बोरा दौड़ (पुरुष)— पवन कुमार प्रथम, मोहम्मद गुलशद द्वितीय।
बोरा दौड़ (महिला)— अवनी कुमारी प्रथम, रेशमी कुमारी द्वितीय।
खो-खो (बालक/बालिका)— खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर बक्सर विजेता, मेथाडिस्ट स्कूल उपविजेता।
हैंडबॉल— बक्सर विजेता, नई बाजार उपविजेता।
कबड्डी (बालक)— बक्सर विजेता, एकलव्य सेंटर डुमरांव उपविजेता।
कबड्डी (बालिका)— खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर रघुनाथपुर विजेता, धरौली उपविजेता।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

















