
STF का शिकंजा:- बक्सर का मोस्ट वांटेड राजा दुबे पटना से गिरफ्तार
बीआरएन बक्सर। अपराध की दुनिया में लंबे समय से पुलिस को चुनौती दे रहा बक्सर का मोस्ट वांटेड अपराधी राजा दुबे आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया। बिहार एसटीएफ ने राजधानी पटना के सगुना मोड़ इलाके से उसे धर दबोचा। इस बड़ी कार्रवाई की सूचना मिलते ही बक्सर पुलिस की विशेष टीम आरोपी को लेने पटना के लिए रवाना हो गई है। गिरफ्तारी की पुष्टि स्वयं बक्सर एसपी शुभम आर्य ने की।राजा दुबे पर बक्सर जिले में तीन सनसनीखेज हत्याओं का गंभीर आरोप है। इतना ही नहीं, उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बनारस) में भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। चौसा में हुए राजद नेता अर्जुन यादव और प्रॉपर्टी डीलर हृदया यादव हत्याकांड में वह मुख्य आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सिकटोना गांव निवासी राजा दुबे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आखिरकार एसटीएफ को उसकी लोकेशन की सटीक जानकारी मिली और उसे पटना में दबोच लिया गया।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में अपराध के नेटवर्क, साजिश और अन्य फरार आरोपियों को लेकर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल, आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है, ताकि लंबित मामलों की कड़ियों को जोड़ा जा सके। राजा दुबे की गिरफ्तारी को बक्सर पुलिस और एसटीएफ की अब तक की सबसे बड़ी कामयाबियों में से एक माना जा रहा है, जिससे जिले में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
















