
बिहार डेयरी एंड कैटल एक्सपो में बक्सर के प्रगतिशील किसान जयप्रकाश सिंह सम्मानित
बीआरएन बक्सर/ बेगूसराय । बेगूसराय स्थित हर्ल ग्राउंड में आयोजित बिहार डेयरी एंड कैटल एक्सपो के अवसर पर पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, सुरेन्द्र महतो के कर-कमलों द्वारा महदह (बक्सर) निवासी, प्रगतिशील किसान, जदयू नेता एवं डेयरी क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे जयप्रकाश सिंह को डेयरी, मत्स्य, लेयर फार्मिंग एवं पशुपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री सुरेन्द्र महतो ने कहा कि बिहार में डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। ऐसे प्रगतिशील किसानों का सम्मान अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इस एक्सपो के माध्यम से किसानों, वैज्ञानिकों और पशुपालन से जुड़े संस्थानों को एक साझा मंच मिला है, जिससे नई तकनीकों, नवाचारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंच सकेगी। जयप्रकाश सिंह के सम्मानित होने पर जिला के किसानों में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर बक्सर जिला के समस्त किसानों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। किसानों का कहना है कि उनका समर्पण, मेहनत और नवाचार न केवल बक्सर बल्कि पूरे बिहार में डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्र को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा।इस अवसर पर जदयू जिला महासचिव जितेन्द्र सिंह, अरुण कुमार सिंह, सिदेश सिंह, उनके पिता जीउत सिंह जी, विमलेन्द्र कुमार ‘बब्लू’, श्याम जी वर्मा, अनिरुद्ध तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं बक्सर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने भी जयप्रकाश सिंह जी की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठता की सराहना करते हुए कहा कि वे सभी बक्सरवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। साथ ही, बिहार के डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस सफल एवं उपयोगी एक्सपो के लिए बक्सर जिला के किसानों की ओर से बिहार सरकार, पशु संसाधन विभाग एवं सभी आयोजकों को हार्दिक धन्यवाद एवं बधाई दी गई।















