
विद्यालय की संगोष्ठी में गूंजा स्वच्छता का संदेश, उत्कृष्ट अभिभावक व छात्र सम्मानित
मरियम जायरा बनीं ‘पैरेंट्स ऑफ द मंथ’, आदिश अंसारी को मिला ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ सम्मान
बीआरएन बक्सर। राजपुर प्रखंड के उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (PTM) का आयोजन किया गया। इस बार संगोष्ठी की थीम ‘स्वच्छता : हमारी संस्कृति’ रखी गई। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों एवं बच्चों को स्वच्छता के महत्व और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।संगोष्ठी में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों में व्यक्तिगत स्वच्छता, घर एवं विद्यालय की साफ-सफाई तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की आदत विकसित करने पर विशेष जोर दिया। शिक्षकों ने कहा कि स्वच्छता महज एक आदत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का अभिन्न अंग है। बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यालय की गतिविधियों में अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता और बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘पैरेंट्स ऑफ द मंथ’ के लिए मरियम जायरा तथा ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ के लिए आदिश अंसारी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान शिक्षक धनंजय मिश्र, वरीय शिक्षक सौलत महमूद खान सहित शिक्षक जमशेद आलम, शमशाद आलम, शाइस्ता परवीन, जावेद खान एवं गौरव यदुवंशी उपस्थित रहे।संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा बच्चों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के साथ उनमें स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। अंत में विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।














