
बक्सर जिले में धान खरीद शुरू, नावानगर व्यापार मंडल में हुआ विधिवत उद्घाटन
किसानों के हित में प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी, भुगतान 48 घंटे के भीतर
बीआरएन बक्सर । जिला पदाधिकारी बक्सर के निर्देश पर शनिवार को नावानगर व्यापार मंडल में धान अधिप्राप्ति वर्ष 2025-26 कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला सहकारिता पदाधिकारी चन्द्रमा राम एवं व्यापार मंडल की अध्यक्ष श्रीमती मीरा सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, नावानगर तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष सरकार द्वारा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य साधारण धान के लिए ₹2369 प्रति क्विंटल एवं ग्रेड ‘A’ धान के लिए ₹2389 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान अधिप्राप्ति की अवधि 15 नवम्बर से 28 फरवरी 2026 तक तथा सीएमआर उपलब्धता की अवधि 15 नवम्बर से 15 जून 2026 तक तय की गई है।
जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि नावानगर व्यापार मंडल के अतिरिक्त जिले के 4 पैक्स — दुल्फा पैक्स (राजपुर), मुंगाव पैक्स (डुमराँव), इन्दौर पैक्स (इटाढ़ी) एवं करहंसी पैक्स (बक्सर) में भी धान अधिप्राप्ति प्रारम्भ की जा रही है। जिले के अन्य चयनित पैक्स भी क्रियाशील हैं तथा किसान अपने धान की बिक्री निर्बाध रूप से कर सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिप्राप्ति केवल कृषि विभाग पर पंजीकृत किसानों से की जाएगी। रैयत किसानों से अधिकतम 250 क्विंटल तथा गैर-रैयत किसानों से 100 क्विंटल धान लिया जाएगा। किसान धान बेचने से पूर्व बायोमेट्रिक एवं आधार सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएंगे। धान क्रय के बाद किसानों को पैक्स/व्यापार मंडल द्वारा प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई जाएगी, जिसकी सूचना एसएमएस से भी दी जाएगी। किसानों को उनका भुगतान एस एफ सी के माध्यम से पी एफ एम एस द्वारा 48 घंटे के भीतर बैंक खाते में उपलब्ध करा दिया जाएगा। धान एवं सी एम आर परिवहन करने वाले वाहनों में जी पी एस ट्रैकिंग सिस्टम लगाना अनिवार्य किया गया है। साथ ही पैक्स/व्यापार मंडल द्वारा क्रय पंजी, स्टॉक पंजी तथा अस्वीकरण पंजी का नियमित संधारण सुनिश्चित किया जाएगा।जिले में कुल 142 पैक्स एवं 08 व्यापार मंडल हैं। इस वर्ष धान अधिप्राप्ति हेतु 101 पैक्स और 07 व्यापार मंडल, कुल 108 समितियोंका चयन किया गया है।कार्यक्रम के शुभारम्भ से किसानों ने राहत महसूस की तथा सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।













