
बक्सर में विधानसभा चुनाव को लेकर कोषांगों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
निर्वाचन कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने पर जोर
बीआरएन बक्सर । आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक बक्सर, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रत्येक कोषांग की जिम्मेदारियों और अब तक की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कोषांग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्वाचन को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में ठोस प्रयास करें।बैठक में जिन कोषांगों की समीक्षा की गई, उनमें प्रमुख रूप से आदर्श आचार संहिता कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मतदाता जागरूकता कोषांग, कानून-व्यवस्था एवं संवेदनशील क्षेत्र चिह्नांकन कोषांग, सुरक्षा कोषांग, आई.टी. एवं संचार कोषांग, परिवहन कोषांग, सामग्री वितरण एवं संकलन कोषांग, मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी कोषांग शामिल थे।
डॉ. विद्यानंद सिंह ने कहा कि निर्वाचन कार्य एक संवैधानिक जिम्मेदारी है। मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यों को समयसीमा के भीतर एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन की जानकारी दी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं उप निर्वाचन पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराते हुए कोषांगों से अपेक्षित सहयोग पर बल दिया।
अंत में, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।














