
छठ पर्व से लें प्रेरणा, लोकतंत्र को बनाएं मजबूत– सुन्दरम
बीआरएन बक्सर । बिहार में लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल पूरे प्रदेश में व्याप्त है। इसी अवसर पर युवा समाजसेवी सुन्दरम कुमार ने जिलेवासियों सहित पूरे प्रदेश की जनता को छठ मइया के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सुन्दरम कुमार ने कहा कि छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि यह स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, घाटों और आसपास के इलाकों को स्वच्छ रखकर श्रद्धा, सद्भाव और भाईचारे के साथ इस पर्व को मनाएं।आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जैसे छठ मइया के आशीर्वाद से जीवन में प्रकाश आता है, वैसे ही 6 नवंबर को होने वाले पहले चरण के मतदान में शत-प्रतिशत मतदान कर हम अपने राज्य के विकास में भागीदार बन सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि छठ मइया की पूजा और लोकतंत्र का मतदान — दोनों ही आस्था और जिम्मेदारी के प्रतीक हैं। जिस तरह छठ पर्व में हम नियम, संयम और श्रद्धा निभाते हैं, उसी तरह मतदान के दिन भी पूरे मन से वोट करें।सुन्दरम कुमार ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वोट करना हमारा अधिकार है और अच्छे प्रत्याशी का चयन करना हमारी जिम्मेदारी। यह पर्व हमें अपने अधिकार और कर्तव्य दोनों की याद दिलाता है। लोकतंत्र को सशक्त बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने कहा कि बक्सर जिला और बिहार की पहचान स्वच्छता, संस्कृति और सजग नागरिकता से है। इसलिए छठ मइया का पर्व और लोकतंत्र का पर्व — दोनों को एक साथ मनाकर हम राज्य को नई दिशा दे सकते हैं।












