
सदर विधानसभा क्षेत्र में जुड़ेंगे सात नए मतदान केन्द्र….
बीआरएन बक्सर. अगले साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. इसके तहत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची की तैयारी हेतु कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई. जिसके आधार पर प्रशासन द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण की कार्य योजना बनाई जा रही है. मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 28 अक्टूबर को होगा, जबकि सूची का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2025 को किया जाएगा. सदर अनुमंडल कार्यालय में शुक्रवार को एसडीओ धीरेन्द्र कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को यह जानकारी दी गई. इस क्रम में सदर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले चुनाव एवं मतदाता सूची की तैयारी हेतु विचार विमर्श किया गया. एसडीओ ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित सभी पहलुओं पर चर्चा कर बारीकियों से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2025 की अर्हता तिथि के आधार मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा. यानि 1 जनवरी 2025 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होगा. इसके अलावा मतदान केन्द्रों की तैयारियां भी पूरी की जाएगी. एसडीओ ने बताया कि इस बार अधिकतम 1400 मतदाताओं के लिए एक पोलिंग बूथ बनेगा. ऐसे में सदर विधानसभा क्षेत्र में कुल 7 नए मतदान केन्द्र जुड़ेंगे, जबकि चिन्हित किए गए 4 जर्जर भवनों वाले बूथों को नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा. बैठक में भाजपा, जदयू, राजद व कांग्रेस समेत अन्य सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के अध्यक्ष अथवा उनके प्रतिनिधि उपस्थित थे.












