
स्टेशन रोड पेट्रोल पंप के पास दो गुटों मे गोलीबारी … एक को लगी गोली …
बीआरएन बक्सर। स्टेशन रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास दो पक्षों के बीच गोलीबारी मे सर्वजीत सिंह उर्फ़ अंकुश नामक युवक को गोली लगी है। उक्त युवक का इलाज एक निजी अस्पताल में हो रहा है। नगर थाना पुलिस इस मामले मे एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार युवक धनसोई थाना के लालाचक गांव का निवासी है जो वर्तमान मे मित्रलोक कालोनी मे रहता है। उसका नाम छोटू उर्फ़ आदित्य है। उक्त घटना के विषय मे अब तक की जानकारी के मुताबिक हिमांशु ठाकुर नामक युवक स्टेशन रोड स्थित पेट्रोल पंप के निकट किराये के मकान मे रहता है। इस युवक का पहले से मित्रलोक कॉलोनी निवासी अंकित यादव से झगडा था। अंकित यादव जेल मे था लेकिन हाल ही मे वह जमानत पर बाहर आया था। वह सोमवार को अपने कुछ साथियों के साथ हिमांशु ठाकुर को मारने पहुंचा। हिमांशु के साथ भी पहले से कई लोग थे। अंततः दोनों गुटों मे मारपीट के साथ गोलीबारी भी शुरू हो गयी। इसी बीच सर्वजीत सिंह उर्फ़ अंकुश को गोली लग गयी। गोली लगते ही अंकित यादव गुट फरार हो गया । मुहल्ले वालों के अनुसार चार से पांच राउंड फायरिंग की गयी है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धीरज कुमार, नगर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।












