
युवा जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष बने डॉ. संदीप ठाकुर, संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने पर समर्थकों में खुशी
बीआरएन बक्सर। युवा जनता दल यूनाइटेड (युवा जदयू) की नई प्रदेश कमिटी के गठन में डॉ. शत्रुघ्न कुमार ठाकुर उर्फ संदीप ठाकुर को प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के विस्तार, सांगठनिक मजबूती और युवा नेतृत्व को नई दिशा देने के उद्देश्य से किए गए इस पुनर्गठन में उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी नियुक्ति की खबर से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
डॉ. संदीप ठाकुर लंबे समय से संगठनात्मक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। वे इससे पहले दो बार युवा जदयू के प्रदेश सचिव और दो बार प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे आरा नगर, भोजपुर जिला तथा रोहतास जिला के प्रभारी भी रह चुके हैं। संगठन के विभिन्न स्तरों पर कार्य करने का उनका अनुभव नई जिम्मेदारी में उपयोगी साबित हो सकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर डॉ. संदीप ठाकुर ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव एवं विधान परिषद सदस्य आफाक अहमद खान, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा, विधायक राहुल सिंह, विधायक संतोष निराला तथा युवा जदयू अध्यक्ष नीतीश पटेल के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।डॉ. ठाकुर समाजवादी विचारधारा से प्रभावित हैं। वे महात्मा गांधी, डॉ. राममनोहर लोहिया, राजनारायण, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, किशन पटनायक और जॉर्ज फर्नांडिस के विचारों को अपने राजनीतिक चिंतन का आधार मानते हैं। लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, जनभागीदारी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकारों एवं विकास का लाभ पहुंचाने की सोच उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है। युवा वर्ग के बीच वे ‘युवा तुर्क’ के नाम से भी पहचाने जाते हैं।
डॉ. संदीप ठाकुर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, उच्च शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों और युवाओं के पलायन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की प्रतिबद्धता जताई है। उनका लक्ष्य बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना तथा युवाओं को रचनात्मक, सकारात्मक और जनोन्मुखी राजनीति से जोड़ना है। उनका मानना है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक लोकतंत्र, न्याय और विकास का लाभ पहुंचाने का संकल्प है। प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी से युवा जदयू में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने की उम्मीद है।डॉ. संदीप ठाकुर को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर बक्सर जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, प्रदेश के वरिष्ठ नेता धीरज सिंह कुशवाहा, मुकेश पटेल, प्रेम मिश्रा, अधिवक्ता विनोद सिंह, डॉ. राजेश पांडेय, बबलू राय, डॉ. रवि राय, आनंद प्रधान, मोहित कुशवाहा सहित संगठन के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि डॉ. संदीप ठाकुर अपने सांगठनिक अनुभव और सक्रियता के बल पर युवा जदयू को और मजबूत बनाने तथा युवाओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।














