
जलजमाव वाले जगह पर वाटर पार्क का उद्घाटन कर हुआ नगरपरिषद का विरोध…
उद्घाटन समारोह का उद्देश्य नगरपरिषद को कुंभकर्णी नींद से है जगाना
– सौरभ तिवारी
बीआरएन बक्सर। जासो पोखरा के निकट वार्ड न. 33 मे जलजमाव से परेशान लोगों ने नगरपरिषद के पदाधिकारियों की उदासीनता को आईना दिखाते हुए जलजमाव वाले जगह पर वाटर पार्क का उद्घाटन किया । यह उद्घाटन समारोह नगरपरिषद के खिलाफ आक्रोश को दिखाने के लिए किया गया। यह विरोध प्रदर्शन का एक नायाब तरीका रहा। पहले से तय समय पर रविवार को दोपहर मे जलजमाव वाले जगह पर मोहल्ले वासियों के तरफ से विजय पांडेय ने फीता काटकर नेचुरल वाटर पार्क का उद्घाटन किया । इस दौरान वहां काफी संख्या मे भीड जमा रही।
आने जाने मे परेशानी समेत संक्रमण का बना है खतरा
उक्त वार्ड के निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ तिवारी ने बताया कि इस उद्घाटन समारोह का उद्देश्य नगरपरिषद को कुंभकर्णी नींद से जगाना है ताकि जलजमाव की समस्या से स्थायी छुटकारा मिल जाय। जासो पोखरा के निकट जलजमाव होने से मोहल्ले वासियों को आने जाने मे परेशानी होती है। साथ ही संक्रमण का खतरा बना हुआ है। बच्चें स्कूल नही जा रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने नगरपरिषद के मुख्य पार्षद कमरून निशा , उप पार्षद इशरत बानों और कार्यपालक पदाधिकारी को अनेकों आवेदन दे चुके हैं। लेकिन अब तक इस पर किसी का ध्यान नही गया है। नगरपरिषद के अधिकारियों व जनता के नुमाइंदों के कान मे जूं नही रेंगा और इसके लिए किसी भी तरह का सार्थक प्रयास नही किया गया । अंततः थक हार कर जल जमाव की समस्या के प्रति नगरपरिषद का ध्यान आकृष्ट करने हेतु व्यंग्यात्मक रूप मे वाटर पार्क का उद्घाटन आज किया गया है। इस उद्घाटन समारोह के बाद देखना है कि कुंभकर्णी नगरपरिषद के पदाधिकारियों की नींद टूटती है या नहीं। व्यंग्यात्मक वाटर पार्क का उद्घाटन नगरपरिषद के खिलाफ जनाक्रोश है।
उद्घाटन समारोह के दौरान सौरभ तिवारी, विजय कुमार पांडेय, मोहित सिंह, मनिष राय, पुनीत कुमार , मुकेश यादव, कन्हैया लाल, मुकेश कुमार उपाध्याय , विजय कुमार गुप्ता, अवधेश राय, अंकित दुबे , अविनाश दुबे इत्यादि उपस्थित रहे।














