
बक्सर से हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल, पटना में होगा ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का समापन
बीआरएन बक्सर, 26 अगस्त: आगामी 1 सितंबर 2025 को पटना के गांधी मैदान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन द्वारा आयोजित ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का भव्य समापन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
बक्सर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने जानकारी दी कि आरा और पटना में होने वाली इस यात्रा में बक्सर से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। यात्रा को सफल बनाने हेतु एक 25 सदस्यीय तैयारी समिति का गठन किया गया है, जो कार्यकर्ताओं के समन्वय और यात्रा प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाएगी।
समिति में डॉ. प्रमोद ओझा, डॉ. शशि भूषण पांडे, संजय पांडे, जय राम राम, निर्मला देवी, अभय मिश्रा, विनय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। यह समिति बक्सर जिले से पटना और आरा के लिए कार्यकर्ताओं के आवागमन, ठहराव और आयोजन को लेकर समन्वय स्थापित करेगी।
यह जानकारी डॉ. मनोज पांडेय ने दरभंगा में चल रही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रेस को दी। यात्रा का उद्देश्य देश में लोकतंत्र की मजबूती और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है।

















