
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से सशक्त होंगी बिहार की महिलाएं – ओमप्रकाश भुवन
बीआरएन बक्सर । नवरात्र के पावन अवसर पर बिहार की महिलाओं को बड़ा तोहफा मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” के अंतर्गत राज्य की 75 लाख महिलाओं के खातों में पहली किश्त के रूप में ₹10,000 की राशि भेजी। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और रोजगार की दिशा में आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई है।भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रत्येक परिवार की एक महिला को उसकी पसंद का रोजगार शुरू करने में मदद करेगी। योजना के तहत शुरुआत में ₹10,000 की राशि दी गई है, और सफलता के आकलन के बाद ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
महिलाओं को स्थानीय स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा, जहां उन्हें प्रशिक्षण, उत्पादन और विपणन की सुविधाएं मिलेंगी। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।












