उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी में ई-वेस्ट संग्रह अभियान, बच्चों को किया गया जागरूक
क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निपटान का दिया गया संदेश
बीआरएन बक्सर। पर्यावरण संरक्षण एवं इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उर्दू प्राथमिक विद्यालय, खीरी में ई-वेस्ट संग्रह अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों को ई-वेस्ट के दुष्प्रभावों, उसके पृथक्करण और सुरक्षित निपटान की जानकारी दी गई। वहीं, चेतना सत्र के दौरान जागरूकता गतिविधियों के साथ क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि पुराने एवं खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, जैसे कीबोर्ड, माउस, चार्जर, तार तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान ई-वेस्ट की श्रेणी में आते हैं। इनका अनुचित निपटान पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य कूड़े में फेंकने के बजाय अलग एकत्रित कर अधिकृत संग्रह केंद्र या पुनर्चक्रण केंद्र तक पहुंचाना चाहिए।
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थी अपने घरों से पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य ई-वेस्ट लेकर विद्यालय पहुंचे। वहां विद्यालय परिसर में रखी काली बाल्टी में एकत्रित कचरे को जमा किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को ई-वेस्ट के उचित संग्रह और सुरक्षित निपटान की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को स्वयं खोलने या तोड़ने से बचने की सलाह दी गई।
चेतना सत्र में आयोजित क्विज प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों के ज्ञान का आकलन किया गया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने कहा कि विद्यालयों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने से बच्चों में स्वच्छता, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान शिक्षक धनंजय, वरीय शिक्षक सौलत महमूद खान तथा शिक्षक मोहम्मद जमशेद आलम, शमशाद आलम, जावेद खान एवं गौरव यदुवंशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ई-वेस्ट के सुरक्षित प्रबंधन की आदत विकसित करना तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषणमुक्त पर्यावरण के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।













