रामगढ़ में लू से तीन लोगों की हुई मौत …
वाराणसी रेफर होने के बाद रास्ते में हो गई मृत्यु
राजीव कुमार पाण्डेय (रामगढ़)। रामगढ़ में तीन लोगों की जान सोमवार की देर रात चली गई। तीनों मृतक रामगढ़ थाना क्षेत्र के हैं जिनका प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल में किया गया। स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो चिकित्सकों ने तीनों मरीजों को वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इसमें से एक की मौत रामगढ़ मार्केट पार करते ही हो गई जबकि दो लोगों की मौत वाराणसी के नजदीक हो गई। मृतकों में देवहलियां के स्व. वशिष्ठ प्रसाद बारी के पुत्र भानू प्रसाद बारी (40), रोहियां गांव के स्व. दहिन राम के पुत्र मुंशी प्रसाद (75) तथा डहरक गांव के झिल्लू प्रसाद सिंह के पुत्र उमाशंकर सिंह (40) शामिल हैं। चिकित्सकों ने बताया कि सोमवार की शाम में एक घंटे के अंदर भीषण गर्मी व लू से पीड़ित तीनों मरीज अस्पताल आए। यहां उनका इलाज किया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया। बता दें कि रामगढ़ प्रखंड के तीनों लोग भी कृषि कार्य के दौरान भीषण तपिश की चपेट में आ गए। बता दें कि सोमवार को प्रखंड में अधिकतम तापमान 45 व न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को भी तापमान में बदलाव नहीं आया। इधर लू लगने से हुई मौत के कारण प्रखंड में सनसनी फ़ैल गई है। डहरक, रोहियां और देवहलियां में मातम पसर गया है।












