मार्जिन मनी भुगतान का भुगतान नहीं होने से बढ़ी डीलरो की परेशानी
बीआरएन बक्सर । गरीबों को प्रत्येक महीने मुफ्त में राशन बांटने वाले जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं का लगभग नौ महीने से मार्जिन मनी का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिसको लेकर फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन ने जिलाधिकारी कार्यालय में आवेदन देकर बकाए मार्जिन मनी का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि जनवरी 2025 का आंशिक तथा सितंबर 2025 से मई 2026 तक यानि कुल नौ माह का मार्जिन मनी का भुगतान राज्य खाद्य निगम द्वारा किया जाना है, लेकिन राज्य खाद्य निगम द्वारा मार्जिन मनी का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिसकी वजह से विक्रेताओं को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण चौबे, जिला महामंत्री सच्चिदानंद उपाध्याय तथा अनुमंडल अध्यक्ष जीतनारायण राम ने कहा कि मार्जिन मनी के भुगतान में लगातार हो रही देरी से विक्रेताओं के सामने परिवार का भरण-पोषण एवं दुकान संचालन तक की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने जिलाधिकारी से पीडीएस विक्रेताओं की माली हालत और उनकी दयनीय स्थिति को देखते हुए लंबित मार्जिन मनी का भुगतान कराने की अपील की है।












