
सेवा और समर्पण के संदेश के साथ रामरेखा घाट पर सफल रहा ब्रह्म रमाकांत बाबा सेवा समिति ट्रस्ट का कार्यक्रम
बीआरएन बक्सर। नगर के ऐतिहासिक एवं पावन स्थल रामरेखा घाट पर रविवार को ब्रह्म रमाकांत बाबा सेवा समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में सेवा, सामाजिक समर्पण एवं जनकल्याण से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुँचाना और आपसी सहयोग व सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करना रहा। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से कंबल वितरण भी किया गया। कार्यक्रम स्थल पर ट्रस्ट के सचिव व प्रबंधक तथा किसान समाज पार्टी के बिहार संयोजक पंकज कुमार पाण्डेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ब्रह्म रमाकांत बाबा सेवा समिति ट्रस्ट का मूल उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना है। धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों पर सेवा कार्य करने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और सामाजिक एकता मजबूत होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यास अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय ने की। उन्होंने ट्रस्ट के अब तक किए गए सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि समिति लगातार सामाजिक, धार्मिक एवं जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य कर रही है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया। न्यास प्रतिनिधि प्रमोद कुमार ने कहा कि रामरेखा घाट जैसे पवित्र स्थल पर आयोजित कार्यक्रम से आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी बोध होता है। वहीं अंजलि कुमारी ने महिला सहभागिता पर जोर देते हुए कहा कि सामाजिक कार्यों में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में महेश प्रसाद राय, अनिल कुमार सिंह सहित ट्रस्ट के कई अन्य सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे उपस्थित लोगों में सेवा और सहयोग की भावना और अधिक प्रबल हुई।














