
श्रीराम अभ्युदय यात्रा 13 जनवरी को पहुँचेगी अयोध्या
12 जनवरी को किला मैदान में राम आयेंगे गीत को लेकर चर्चित गायिका स्वाति मिश्रा का भजन संध्या कार्यकम
बीआरएन व्यूरो बक्सर।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के मार्गदर्शन में भगवान श्रीराम अभ्युदय यात्रा का शुभारंभ रामरेखा घाट से गुरुवार को हुआ। यह यात्रा दो दिनों तक भगवान श्रीराम बक्सर के जिन स्थानों पर गए हैं वहां-वहां पहुंचेगी और वहां की मिट्टी एवं जल को एकत्रित करेगी। यात्रा का आयोजन श्रीराम कर्मभूमि न्यास सिद्धाश्रम बक्सर द्वारा किया गया है।
महर्षि विश्वामित्र की धरती सिद्धाश्रम बक्सर में भगवान श्री राम व उनके छोटे भाई लक्ष्मण को शिक्षा दीक्षा मिली थी। यह पावन धरती उनकी प्रथम कर्मभूमि रही। ऐसे में अयोध्या में रामलला के विराजमान होने से बक्सर वासियों में खुशी का माहौल है। यात्रा शुभारंभ होने के मौके पर बीजेपी के जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह और पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। उन्होंने भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना की। 12 जनवरी को किला मैदान में प्रसिद्ध लोक गायिका स्वाति मिश्रा का भजन संध्या आयोजित किया गया है। 13 जनवरी को यात्रा अयोध्या पहुँचेगी।