
धनसोई में तमंचे के बल पर लूटपाट, विरोध करने पर मां बेटे को किया लहूलुहान
बीआरएन न्यूज, बक्सर: जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के करमा गांव में शुक्रवार की रात करीब दो बजे कुछ बदमाशों ने एक घर में घुस कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने मां बेटे को लोहे के टांगी से मार कर लहूलुहान कर दिया। इसी बीच एक साल के पोते पर तमंचा सटा लूट की घटना को अंजाम दिया है। लूट का विरोध करने पर मां बेटे की जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना पर पहुंचे सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धीरज कुमार द्वारा घटना की जांच करते हुए थानाध्यक्ष को आवश्यक करवाई करने का निर्देश दिया गया।
ज्ञात हो कि करमा गांव निवासी रामप्रवेश सिंह के घर में रात के करीब दो बजे लगभग चार पांच की संख्या में अज्ञात चोर छत के सहारे घर में घुस गए घर में रखे लाखों रुपए के गहने, बीस हजार नगदी सहित कई तरह के कीमती सामान तमंचे के बल पर लूट लिए। इस दौरान परिजनों ने बताया कि जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने पहले तमंचा दिखाया और फिर घर में मौजूद पत्नी कलावती देवी 48 वर्ष, लड़का शेषमुनि सिंह 23 वर्ष के सिर पर टांगी से मारकर लहूलुहान कर दिया। इस दौरान दोनों मां बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद घर का सारा कीमती सामान एक ट्रॉली बैग में भर कर गांव से पश्चिम दिशा की तरफ फरार हो गए।
जख्मी मां बेटे का सदर अस्पताल सासाराम में चल रहा है ईलाज
वही परिजनों के मुताबिक जख्मी मां बेटे का निजी अस्पताल में ईलाज कराने के बाद बेहतर ईलाज हेतु रोहतास जिले के सदर अस्पताल सासाराम में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद परिजनों द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है। वही थानाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस छापेमारी कर रही है।