
श्री राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर जिले मे विधी व्यवस्था व शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु हुई शांति समिति की बैठक!
बीआरएन बक्सर।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आयोजित राम जन्म भूमि पर श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा आयोजित कार्यक्रम को लेकर बक्सर जिलें में विधि व्यवस्था संधारण हेतु रविवार को जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
सम्मानित शांति समिति के सदस्यों ने जिला पदाधिकारी के समक्ष अपने सुझावों को रखा। जुलूस के संबंध में निर्देश दिया कि सक्षम प्राधिकार से अनुमति अनिवार्य है। सभी जुलूस का सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित अंचलाधिकारी को निर्देशित किया गया। साथ ही जुलूस की वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराने हेतु भी निर्देश दिया गया।सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थान पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त संख्या में सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने संबंधित सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक अनिवार्य रूप से कर ले। अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, संबंधित अंचलाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष को डीजे संचालकों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया।अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर व डुमराव, सभी थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत शांति व्यवस्था व विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु भ्रमणशील रहते हुए सभी आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। उक्त अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर 96 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 29 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 02 जोनल मजिस्ट्रेट एवं 02 क्यूआरटी टीम की प्रतिनियुक्ति की गई है।बैठक में सिविल सर्जन बक्सर, उप विकास आयुक्त , पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय , अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर व डुमरांव, जिला स्तरीय पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्यगण साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, संबंधित अंचलाधिकारी एवं सभी संबंधित थानाध्यक्ष उपस्थित थे।