
विकास का वादा, विश्वास के साथ – एनडीए के सिंबल लेकर संतोष निराला मैदान में तैयार
बीआरएन बक्सर। बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने सोमवार को जदयू के वरिष्ठ नेता एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला को 202 – राजपुर (सु.) विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) प्रत्याशी के रूप में सिंबल प्रदान किया।

सिंबल प्राप्त करने के पश्चात श्री निराला ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजपुर विधानसभा की जनता का प्रेम और संगठन का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। शीर्ष नेतृत्व द्वारा जो दायित्व सौंपा गया है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और विकास के संकल्प के साथ निभाऊँगा।
पूर्व मंत्री श्री निराला ने यह भी स्पष्ट किया कि वे जमीनी स्तर पर विकास की प्रत्येक रेखा को मूर्त रूप देने और राजपुर को बिहार के सर्वश्रेष्ठ विकास मॉडल के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य से चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।

इस अवसर पर जदयू एवं एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने श्री निराला को शुभकामनाएँ दीं और आगामी चुनाव में राजपुर से एनडीए की भारी बहुमत से जीत का विश्वास जताया।
राजपुर की जनता के विकास और विश्वास का प्रतीक बनकर एक बार फिर श्री निराला चुनावी मैदान में हैं।अब देखना यह है कि जनता एक बार फिर उनके अनुभव और कार्यशैली पर भरोसा जताती है या नया विकल्प चुनती है।












