सोन उच्च स्तरीय नहर में पानी नहीं आने से किसान चिंतित
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने किसानी की समस्याओं से कार्यपालक अभियंता को कराया अवगत
राजीव कुमार पाण्डेय भभुआ। रोहिणी नक्षत्र की अवधि खत्म होने में चंद दिन ही शेष बचे हैं। पर धान का बिचड़ा डालने के लिए अब तक कैमूर की नहरों में पानी नहीं पहुंच सका है। जिले के किसानों की लाइफ लाइन के नाम से चर्चित सोन उच्च स्तरीय नहर में धूल उड़ रही है। ऐसा हालात देख किसान बेहद चिंतित हैं ।समस्या का निराकरण व सोन उच्चस्तरीय नहर में पानी छोड़ने के लिए सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल कार्यपालक अभियंता सोन उच्च स्तरीय नहर जल संसाधन विभाग कैमूर से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंप कर किसानी की समस्याओं से अवगत कराते हुए यथाशीघ्र उक्त नहर में पानी छोड़ने की गुहार लगाई।मौके पर मौजूद भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विमलेश पाण्डेय ने बताया कि सूर्य 25 को ही रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर चुके हैं। जिले के अधिकतर किसान इसी नक्षत्र में धान की खेती करने के लिए नर्सरी की तैयारी करते हैं। क्योंकि धान का बीज खेतों में डालने के लिए यह नक्षत्र शुभ माना जाता रहा है। इस नक्षत्र का 10 दिन बितने को है। जिले के अधिकतर किसान नहरों की पानी पर आश्रित हैं।वैसे किसान पानी नहीं आने की वजह से धान का बिचड़ा नहीं डाल सके हैं।इतना ही नहीं उन्होंने बताया कि पानी नहीं आने से गांवों में जलस्तर काफी नीचे गिर चुका है।गांवों के चापाकल जवाब दे रहा है लोगों के बीच पानी पीने का संकट खड़ा हो गया है। मवेशियों को पानी पिलाने की समस्या उत्पन्न हो गई है।उन्होंने इस स्थिति से निपटने के लिए आगामी तीन दिनों के अंदर नहरों में पानी छोड़ने की गुहार लगाई है।वहीं मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने बताया कि जिसके पास पंपसेट का साधन है वह तो पैसा खर्च करके बिचड़ा डालने का कार्य शुरू कर दिए हैं लेकिन जिनके पास साधन नहीं है वह नहरों की पानी की तरफ नजर गड़ाए बैठे हैं।किसानों ने यह भी बताया कि रोहिणी नक्षत्र में पिछड़ा डालने में पैसा तो खर्च होता है लेकिन पैदावार बंपर होती है।वहीं मौके पर सोन उच्च स्तरीय नहर के कार्यपालक अभियंता आदित्यनाथ बैठा ने बताया कि आज ही नहर में पानी छोड़ने का कार्य शुरू करा दिया जायेगा।आगामी तीन दिनों के भीतर कैमूर के नहरों में टेल एंड तक पानी पहुंचा दिया जाएगा।इस अवसर पर किसान प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष विमलेश पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता ध्रुव कुमार तिवारी, जिला महामंत्री रमाकांत पांडेय ,सुनील कुमार पांडेय आदि सम्मिलित रहे।