पर्यावरण संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी:- डॉ.मधुलता शुक्ला
जीबी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स द्वारा रैली निकालकर लोगों को किया गया जागरूक
कॉलेज परिसर में पौधा रोपण कर दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राजीव कुमार पाण्डेय (रामगढ़)। स्थानीय जीबी कॉलेज के कैडेटों द्वारा बुधवार की सुबह एनसीसी कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट डॉ. मधुलता शुक्ला की अगुआई में विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली कॉलेज प्रांगण से शुरू होकर रामगढ़ बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कॉलेज परिसर में समाप्त हुई ।इस दौरान सभी कैडेट्स के हाथ में पर्यावरण को बचाने और सुधारने से संबंधित स्वयं से निर्मित पोस्टर थे। जो बाजार के सभी नागरिकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे।कैडेटों ने अनेक नारों से भी लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही कैडेटों द्वारा ‘ वृक्ष लगाओ पर्यावरण बचाओ ‘,हम सबका है एक ही नारा इस पृथ्वी को बचाना जन्मसिद्ध अधिकार हमारा, वृक्ष है तो जीवन है इसके बिना नहीं कल है, जलवायु और भूमि संरक्षण इससे बच पाएगा पर्यावरण जैसे अनेक नारे लगाए गए।दफ्तियों पर लिखे स्लोगनों से लोगों को सफाई के प्रति ध्यान आकृष्ट कराते हुए प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के प्रति जागरूक कराया गया। इस मौके पर एनसीसी कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट सह रसायन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मधुलता शुक्ला ने बताया कि पर्यावरण की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है।पर्यावरण संरक्षण का उतना ही महत्व है जितना मानव जीवन का है। इसके लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए और पेड़ों की रक्षा वैसे ही करनी चाहिए जैसे हम अपने बच्चों की करते हैं। ऐसी वस्तुओं का प्रयोग कम से कम करें जो पर्यावरण के लिए हानिकारक हो। पर्यावरण प्रदूषित होने से दिन पर दिन ग्लोबल वार्मिंग का खतरा बढ़ता जा रहा है जिसका प्रभाव सभी को देखने को मिल भी रहा है।आवश्यकता सभी को वृक्ष लगाकर पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने की है।रैली के बाद कॉलेज प्रांगण में कैडेट्स द्वारा वृक्षा रोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।इस अवसर पर अफरोज अख्तर (एसयूओ ),सलोनी कुमारी (यूओ),रेखा कुमारी,सलोनी कुमारी,अंकिता कुमारी,पंकज कुमार ,आशुतोष तिवारी,शुभम कुमार,आकाश कुमार,सत्यम गोस्वामी, अजय प्रजापति आदि कैडेट्स मौजूद रहे।