
बक्सर को पर्यटक स्थल के रूप मे विकसित करने को मिथिलेश तिवारी ने मंत्री को सौंपा मांग पत्र ..
बीआरएन बक्सर। लोकसभा चुनाव के दरम्यान मतदाता संपर्क अभियान के वक्त भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी ने बनारस की तरह बक्सर को विकसित करने का वादा किया था। वह भले ही चुनाव हार गये लेकिन चुनावी वादे को पूरा करने के लिए कर्मयोगी की भूमिका मे होने की बात कर रहे है। वह कहते है कि बक्सर को एक पर्यटक हब बनाने का संकल्प ले चुके है। वह बक्सर के विकास के लिए अपनी वचनबद्ध है । इसी कड़ी मे बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल उनके नेतृत्व मे बक्सर के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों को पर्यटकीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने हेतु बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा से मिलकर एक मांग पत्र सौपा । इस मांग पत्र मे बक्सर में प्रभु श्री राम एवं श्री लक्ष्मण को शिक्षा देते हुए मुद्रा में महर्षि विश्वामित्र की मूर्ति की स्थापना की बात की गयी है। बक्सर जेल परिसर में स्थित वामन भगवान के मंदिर के जीर्णोद्धार के साथ-साथ भगवान वामन महोत्सव की शुरुआत करने की मांग की गयी है। । नौ दिनों का सीताराम विवाह महोत्सव (सिय पिय मिलन समारोह) का पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजन करने की बात की गयी है। प्रत्येक सप्ताह के सोमवार और प्रत्येक माह के पूर्णिमा को संध्या काल में गंगा महाआरती का विभाग द्वारा विशेष आयोजन होनी चाहिए। सिद्धाश्रम, वीर गर्भापुरी, व्याघ्रसर और अब बक्सर में त्रेता युग से प्रत्येक नवंबर माह में बृहद स्तर पर आयोजित होने वाले पंचकोशी मेला का आयोजन विभाग द्वारा होनी चाहिए। बक्सर में स्थित माता अहिल्या स्थान का संपूर्ण विकास भी पर्यटन विभाग द्वारा किया जाना चाहिए । बाबा रामेश्वर नाथ महादेव (बक्सर) और बाबा बरमेश्वर नाथ महादेव (ब्रह्मपुर )स्थल का संपूर्ण विकास एवं श्रावण मास में सरकारी महोत्सव का आयोजन किये जाने की मांग को प्रमुखता से की गयी है।
पर्यटन मंत्री ने मांग पत्रों को लेते हुए सभी बिन्दुओं पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है। मिथिलेश तिवारी द्वारा की गयी यह पहल बक्सर संसदीय क्षेत्र के लोगों मे खासकर चर्चा का विषय है। लोगों का कहना है कि कम ही ऐसे प्रतिनिधि है जो हारने के बाद भी अपने क्षेत्र के विकास के लिए प्रयत्नशील है। भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष निक्कू तिवारी , विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुमन कुमार श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय सहित कई लोगों ने श्री तिवारी के इस पहल को सराहनीय और विकासात्मक बताया है।













