
रामपुर प्रखंड में संपूर्णता अभियान की हुई शुरुआत..
जिलाधिकारी ने दीप जलाकर एवं वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का किया उद्घाटन
कैमूर के रामपुर, भगवानपुर, चांद, कुदरा व रामगढ़ प्रखंड आकांक्षी प्रखंड के लिए चयनित
राजीव कुमार पाण्डेय (भभुआ)।जिले के रामपुर प्रखंड में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अन्तर्गत ‘संपूर्णता अभियान’ कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को हुआ।कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, कैमूर सावन कुमार द्वारा दीप जलाकर एवं वृक्षारोपण कर किया गया। इस अवसर जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि यह कार्यक्रम नीति आयोग द्वारा 2018 मे पूरे देश के 112 जिलों मे शुरू किया गया है, जिसमे से बिहार के 13 जिले चयनित है।इन जिलों के विकास की सफलता को देखते हुए नीति आयोग द्वारा वर्ष 2023 मे पूरे भारतवर्ष के 500 प्रखंडों मे आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया, जिसमे बिहार के 27 जिलों के 61 प्रखंडों का चयन किया गया है, जिसमे कैमूर जिलान्तर्गत 5 प्रखंडों यथा( रामपुर, भगवानपुर, चांद, कुदरा एवं रामगढ़) का चयन किया गया है। विकास के कई पैमानों पर पिछड़े प्रखंडों को आगे लाने के लिए शुरू की गई आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत प्रखंडों के चयन के लिए नीति आयोग ने एक मानक तय किया है।प्रखंडों का चयन करने के लिए नीति आयोग ने प्रति व्यक्ति आय और जनसंख्या का आधार बनाया है। आकांक्षी जिले की तरह ही विकास के कई पैमानों पर पिछड़े इन प्रखंडों में स्वास्थ्य व पोषण, शिक्षा,कृषि व जल संसाधन, वित्तीय समावेशन व कौशल विकास जैसे इंडिकेटर पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।इस कार्यक्रम के अन्तर्गत स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना, सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों के 39 संकेतकों को शामिल किया गया है। वर्तमान मे नीति आयोग द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण के 4 संकेतको यथा गर्भवती महिलाओं के लिए समय पर प्रसव पूर्व देखभाल,सभी के लिए नियमित मधुमेह की जाँच,सभी के लिए नियमित रक्तचाप की जाँच,गर्भवती महिलाओं के लिए पूरक पोषण आदि को भी शामिल किया गया है।उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र मे मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण एवं सामाजिक विकास मे स्वयं सहायता समूहों के लिए पारिक्रमिक निधि जैसे संकेतो को अगले 90 दिनों में 100% संतृप्ति प्राप्त करने का कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रखंड में मिट्टी जांच के आंकड़े भी लिए जाने हैं।साथ ही उनके द्वारा कार्यक्रम मे उपस्थित सभी महिलाओं एवं पुरूषों को एक स्वस्थ्य, सक्षम एवं समृद्ध प्रखंड बनाने का शपथ दिलाया गया। उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास है की आकांक्षी प्रखंड के सभी इंडिकेटर पर कैमूर जिले के प्रखंड खरे उतरे।इस कार्यक्रम मे उप विकास आयुक्त कैमूर, सिविल सर्जन कैमूर, जिला योजना पदाधिकारी, कैमूर, डीपीएम जीविका, प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारीगण एवं पिरामल फाउंडेशन के कर्मी उपस्थित थे।