
गर्रा स्थित श्रीचंडी धाम का निर्माणाधीन गेट गिरा, सात मजदूर घायल चार की हालत गंभीर..
अनीता पाण्डेय, नुआंव, कैमूर( बिहार)। स्थानीय प्रखंड के गर्रा स्थित श्रीचंडी धाम का निर्माणाधीन गेट शनिवार को निर्माण के दौरान अचानक भरभरा कर गिर गया, जिससे निर्माण कार्य में लगे सात मजदूर घायल हो गए। घायलों को स्थानीय पीएचसी पहुंचाया गया जिसमे चार की गंभीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में छांगुर राम पिता स्वर्गीय विश्वनाथ राम, रंजन कुमार , जगदीश राम, सुग्रीव बिंद, इलाज सीताराम, गुड्डू राम, हनुमान बिंद व प्रदीप राम बताए जा रहे हैं। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि द्वारिका प्रसाद जायसवाल ने बताया कि निर्माणधीन गेट के ऊपर ढलाई का कार्य चल रहा था। नीचे से कमजोर सपोर्ट रहने के कारण ढलाई के दौरान गेट गिर पड़ा जिसमे सात मजदूर घायल हो गए। चार की स्थिति गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। गेट गिरने पर आस पास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। निर्माण कार्य में लगे जेई और ठिकेदार मौके पर नहीं पाए गए। मिली जानकारी के अनुसार गेट निर्माण कार्य के लिए स्थानीय पूर्व सांसद सह केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे द्वारा लाखो रुपए श्रीचंडी धाम के विकास के लिए दिया गया था। उन्हीं द्वारा दिए गए फंड से गेट का भी निर्माण कार्य चल रहा था। लोगों द्वारा निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को घटना की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
मौके पर विनायक जयसवाल, जिला परिषद उप चेयरमैन प्रतिनिधि अश्विनी कुमार चौबे, हारून अंसारी, विश्वामित्र चौबे सहित कई समाजसेवी घायलों की मदद हेतु घटना स्थल पर पहुंचे थे।