
हिरण को कुत्तों ने किया घायल, मुखिया के प्रयास से बची जान ..
राजीव कुमार पाण्डेय (रामगढ़)।प्रखंड क्षेत्र के किशुनपुरा के बधार में सोमवार की सुबह एक हिरण पर हमला कर रहे कुत्तों के झुंड को सिसौड़ा निवासी विपुल पाण्डेय द्वारा देखा गया।उन्होंने तुरंत कुछ लोगों के सहयोग से दौड़ाकर कुत्तों को भगाया।इसके बाद पाण्डेय ने इसकी सूचना पंचायत के मुखिया प्रदीप कुमार सिंह को दी।सूचना पर तत्काल मुखिया अपने कुछ साथियों के साथ ई- रिक्शा लेकर पहुंचे।जहां घायल अवस्था में एक हिरण पड़ा मिला वह चलने- फिरने में पूरी तरह से असमर्थ था।साथियों के सहयोग से घायल हिरण को वाहन में लाद कर पंचायत संसाधन केंद्र सिसौड़ा लाया गया।इस बीच इसकी सूचना पशु चिकित्सक व वन विभाग को दे दी गई।सूचना पर वन कर्मी आए और घायल हिरण को अपने साथ लेकर उपचार केंद्र जलदहां चले गए।मौके पर मौजूद पंचायत के मुखिया ने बताया कि जंगली जानवर(वन्य प्राणी )प्रकृति के अनमोल धरोहर हैं।इनकी रक्षा करना हम सभी का परम कर्तव्य है। ये ना केवल जैवीय संतुलन बनाने में हमारी मदद करते हैं, बल्कि कई तरह से मानवीय जीवन के लिए भी जरूरी हैं। लिहाजा मानव जीवन के अस्तित्व के लिए वन्य जीवों और उनके वास स्थान वनों का संरक्षण और विकास जरूरी है। इस पुनीत कार्य में सहयोगी के रूप में वाहन चालक विक्रम सिंह, सिसौड़ा के ग्रामीण सुभाष बिंद,सुनील राम आदि मौजूद रहे।














