
बढ़ती ठंड के बीच रेड क्रॉस का सहारा, बालादेवा–धनसोई में राहत वितरण
बीआरएन बक्सर। इटाढी प्रखंड के बालादेवा गांव स्थित महादलित बस्ती में शुक्रवार को बढ़ती ठंड को देखते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा द्वारा राहत सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने किया।इस अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के बीच कंबल, बर्तन सेट, बिस्किट, तिरपाल सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई, जिससे ठंड से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली। अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब, असहाय एवं वंचित वर्गों को सहायता पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज और प्रशासन के सहयोग से ही जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सकती है।

रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा के चेयरमैन सुरेश अग्रवाल ने बताया कि संस्था सेवा, मानवता और आपदा राहत कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहती है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम जारी रहेंगे।इसी क्रम में धनसोई स्थित महादलित बस्ती में भी रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा कंबल एवं बिस्किट का वितरण किया गया, जहां बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को ठंड से बचाव के लिए सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन सौरभ तिवारी, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, राज्य प्रतिनिध सचिन कुमार, सुमित मानसिंहका, अवधेश कुमार, हनुमान अग्रवाल सहित रेड क्रॉस के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने राहत सामग्री प्राप्त कर खुशी जताई और रेड क्रॉस सोसाइटी व जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।















