
एनडीए की शानदार जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अयोध्या में किया श्रीराम दर्शन


बीआरएन बक्सर। विधानसभा चुनाव में एनडीए के जबरदस्त प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी जिला बक्सर के जिला पदाधिकारी, विधानसभा संयोजक एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या के लिए प्रस्थान किया। वहां पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरयू स्नान के उपरांत श्रीरामलला का दर्शन-पूजन कर भजन किया।
इस दर्शन यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने किया। श्रीरामलला के दर्शन के पश्चात भाजपा कार्यकर्ता भाव-विभोर नजर आए। मीडिया से मुखातिब होते हुए जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि प्रभु श्रीराम का दर्शन कर हम सभी कार्यकर्ता धन्य हो गए हैं।उन्होंने कहा कि दर्शन के दौरान वह दिन स्मरण हो आया जब देशभर में यह नारा गूंजता था —हम कसम राम की खाते हैं, मंदिर वहीं बनाएंगे।उस समय विरोधी दल व्यंग्य करते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे।” आज प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होना गर्व की बात है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के पीछे जिन महापुरुष का योगदान अविस्मरणीय है, वह हैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। उनके नेतृत्व में यह ऐतिहासिक कार्य संभव हो सका। उनके प्रति मन श्रद्धा और कृतज्ञता से भर गया।भाजपा कार्यकर्ताओं ने अयोध्या में संकल्प लिया कि वे बिहार सहित पूरे भारत से असुरी एवं नकारात्मक शक्तियों का अंत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत विकास यज्ञ को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इस दर्शन यात्रा में मुख्य रूप से बलिराम जी, नन्द जी सिंह, सतीष त्रिपाठी, विनोद राय, लक्ष्मण शर्मा, धनंजय त्रिगुण, राजेश सिन्हा, निर्भय राय, पुनीत सिंह, रमेश गुप्ता, मनोज पांडेय, चुन्नु सिंह, मिठाई सिंह, सुनील सिंह, आशानंद सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।












