♦इस खबर को आगे शेयर जरूर करें ♦

रामगढ मे बढ़ी चुनावी सरगर्मी …. संभावित प्रत्याशी जाने लगे हैं जनता के द्वार…

रामगढ़ विधानसभा को माना जाता रहा है कैमूर का हॉट पॉलिटिकल सीट 

बीआरएन नुआंव ( कैमूर)।   203 विधानसभा रामगढ़ में होने वाले उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित प्रत्याशी मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने में कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाहते है। प्रतिदिन प्रत्याशियों द्वारा क्षेत्र का दौरा किया जा रहा है और मतदाताओं को मनाने रिझाने का प्रयास जारी है। वैसे देखा जाय तो रामगढ़ विधानसभा को जिले का हॉट पॉलिटिकल सीट माना जाता है। सबकी नजर इस सीट पर रहती है और इस सीट को हासिल करने के लिए सभी राजनीतिक दल एड़ी चोटी का जोर लगाते रहे है। यदि आजादी के बाद से देखा जाए तो उस सीट पर अधिकतर बार समाजवादियों का कब्जा रहा है। सबसे पहले दशरथ तिवारी ने इस सीट पर समाजवादी झंडा बुलंद किया। इसके बाद सच्चिदानंद सिंह विधायक बने। 1980 – 85 में दो समाजवादी और चचेरे भाइयों की लड़ाई में यह सीट एक बार पुनः कांग्रेस की झोली में आ गई। और डॉक्टर प्रभावती सिंह विधायक चुनी गई। 1985 से लगातार 2005 तक जगदानंद सिंह के खाते में यह सीट रही और तबतक रही जब वे 2009 में लोकसभा के लिए निर्वाचित हो नहीं हो गए। इस दौरान वे जनतादल और बाद में राजद से प्रत्याशी थे। उनके इस्तीफा देने से खाली हुई सीट पर पुनः उनकी ही पार्टी के अंबिका यादव विधायक बने। 2010 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की रिकॉर्ड तोड़ विजय पूरे प्रदेश में हुई थी उस समय भी यह सीट राजद के खाते में रही। 2015 में इस विधान सभा में पहली बार भगवा लहराया था और अशोक कुमार सिंह भाजपा से विधायक बने। 2020 का विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प रहा। राजद, बसपा और भाजपा में कांटे की टक्कर रही। जिसमे राजद उम्मीदवार सुधाकर सिंह बसपा के उम्मीदवार अंबिका यादव से दो सौ से भी कम वोटो की बढ़त बनकर विजय हासिल की। भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह भी निर्वाचित उम्मीदवार से दो हजार से भी कम अंतर पर रहे और उन्हें तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। निर्वाचित विधायक सुधाकर सिंह के बीते लोकसभा चुनाव में चुने जाने के कारण खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। यदि पिछले दो परिणामों को देखा जाए तो भाजपा, राजद और बसपा में कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। तीनों पार्टियों के प्रत्याशी मामूली वोटों से आगे पीछे रहते आए है। इसलिए सभी संभावित प्रत्याशियों का जोर इस मामूली बढ़त के अंतर को कम करते हुए बढ़त बनाने का है। इसमें कोई भी प्रत्याशी कोर कसर छोड़ना नहीं चाहते हैं। चौक चौराहों और दुकानों पर हर जगह लोग अपने अपने हिसाब से गुणा भाग लगा रहे हैं लेकिन कौन बाजी मारेगा, कहने की स्थिति में कोई नहीं है।

प्रथम विधानसभा चुनाव से अब तक रामगढ़ विधानसभा के निर्वाचित प्रतिनिधि तथा उनकी पार्टी

1952-1957 रामचंद्र राय (कांग्रेस)

1957-1962 दशरथ तिवारी (संसोपा)

1962- 1967 विश्वनाथ राय (कांग्रेस)

1967- 1969 सच्चिदानंद सिंह (संसोपा)

1969- 1972 विश्वनाथ राय (कांग्रेस)

1972- 1977 सच्चिदानंद सिंह (संसोपा)

1977- 1980 सच्चिदानंद सिंह (जनता पार्टी)

1980-1985 प्रभावती सिंह (कांग्रेस)

1985- 1990 जगदानंद सिंह (लोकदल)

1990-19 95 जगदानंद सिंह (जनता दल)

1995- 2000 जगदानंद सिंह (जनता दल)

2000- 2005 जगदानंद सिंह (राजद)

2005 – 2009 जगदानंद सिंह (राजद)

2009- 2010 अंबिका यादव (राजद)

2010 – 2015 अंबिका यादव (राजद)

2015- 2020 अशोक कुमार सिंह (भाजपा)

2020- 2024 सुधाकर सिंह (राजद)

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now

जवाब जरूर दे 

Sorry, there are no polls available at the moment.

Related Articles

Close
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000