
राजपुर में राजद का कार्यकर्ता सम्मेलन 3 अक्टूबर को, कई दिग्गज नेता होंगे शामिल
बीआरएन बक्सर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राजपुर विधानसभा अंतर्गत राजपुर पंचायत में आगामी 3 अक्टूबर 2025 को एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। यह सम्मेलन दिन के 12 बजे राजद के वरिष्ठ नेता व राजपुर पंचायत के मुखिया अनिल कुमार सिंह के निवास स्थान पर आयोजित किया जाएगा।इस कार्यक्रम में बक्सर लोकसभा के लोकप्रिय सांसद सुधाकर सिंह, दिनारा से विधान परिषद सदस्य (MLC) अशोक कुमार पांडेय, संदेश के पूर्व विधायक एवं शाहाबाद प्रमंडल के चुनाव प्रभारी विजेंद्र यादव, तथा दिनारा के विधायक विजय कुमार मंडल मुख्य रूप से शामिल होंगे।
राजद के जिला मीडिया प्रभारी हरेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मेलन आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र पार्टी की रणनीति और इंडिया महागठबंधन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को इस बात की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी कि वे लालू प्रसाद यादव और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की विचारधारा एवं नीति को जन-जन तक कैसे पहुंचाएं।कार्यक्रम की सफलता को सुनिश्चित करने के लिए राजद के वरिष्ठ नेता अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक तैयारी बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें राजपुर प्रखंड अध्यक्ष उमेश कुमार सिंह, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती, हीरामन कुमार, तेजनारायण पांडेय उर्फ़ हाला बाबा, जितेंद्र यादव, शंभू यादव और रमाकांत यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।राजद नेताओं ने इस सम्मेलन को संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया है।














