
बक्सर में पत्रकारों के लिए वीबी–जी राम जी अधिनियम पर एकदिवसीय मीडिया कार्यशाला आयोजित
बीआरएन बक्सर। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), पटना के तत्वावधान में बुधवार को बक्सर जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिले के पत्रकारों के लिए वीबी–जी राम जी अधिनियम, 2025 विषय पर एकदिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्तालाप” का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी श्रीमती साहिला ने किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य “विकसित भारत–रोज़गार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबी–जी राम जी) 2025” की अवधारणा, उद्देश्यों और प्रमुख विशेषताओं से मीडियाकर्मियों को अवगत कराना रहा। इसके साथ ही विकासात्मक रिपोर्टिंग, सामाजिक परिवर्तन में मीडिया की भूमिका, मीडिया के समक्ष उभरती चुनौतियाँ, कौशल उन्नयन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार में मीडिया की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती साहिला ने पीआईबी की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ वीबी–जी राम जी अधिनियम जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुँचाने में सहायक होंगी, साथ ही जिला स्तर पर पीआईबी और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित करेंगी। उप विकास आयुक्त श्रीमती निहारिका छवि ने अपने संबोधन में अधिनियम के सकारात्मक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है और यह योजना मनरेगा में पूर्व में रह गई कमियों को दूर करने में सहायक सिद्ध होगी। विषय प्रवेश के दौरान पीआईबी, पटना के सहायक निदेशक श्री कुमार सौरभ ने “वार्तालाप” कार्यक्रम की परिकल्पना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका उद्देश्य जिला स्तर पर पत्रकारों से सीधा संवाद स्थापित करना और केंद्र सरकार की नई योजनाओं से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर सही व तथ्यपरक जानकारी जनता तक पहुँचाना है। उद्घाटन सत्र में पीआईबी के मीडिया एग्जीक्यूटिव श्री संदीप कपूर ने पीआईबी एवं वीबी–जी राम जी अधिनियम पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने पीआईबी की कार्यप्रणाली के साथ-साथ अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं और इसके लाभों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्री मनोज कुमार सिंह, डॉ. रास बिहारी शर्मा (विभागाध्यक्ष, दर्शनशास्त्र विभाग, महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर) तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता श्री रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने इसे मीडिया और सरकार के बीच संवाद को सशक्त करने तथा राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों में मीडिया की सक्रिय भूमिका को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया। कार्यशाला में बक्सर जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। समापन सत्र में प्रतिभागियों ने कार्यशाला की उपयोगिता और महत्व को लेकर अपना लिखित फीडबैक पीआईबी, पटना को सौंपा। कार्यक्रम का संचालन पीआईबी के सूचना सहायक श्री अभिनव कुमार ने किया। इस दौरान पीआईबी के सूचना सहायक श्री उत्पल कांत, श्री शक्ति लोचन ठाकुर, श्री ज्ञान प्रकाश एवं श्री हितेश मिश्रा भी उपस्थित रहे।














