
रेडियंट पब्लिक स्कूल ने तुलसी पूजन के द्वारा भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने का किया प्रयास …
बीआरएन बक्सर । भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के उद्देश्य से रेडियंट पब्लिक स्कूल के द्वारा बुधवार को तुलसी पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बक्सर नगर और दानी कुटिया, कृतपुरा स्थित ब्रांच में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत तुलसी पूजन से हुई। छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर तुलसी के पौधे का पूजन किया और इसके महत्व की चर्चा की। छात्रों को तुलसी के धार्मिक, औषधीय और पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विद्यालय प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि छात्र-छात्राएं भारतीय संस्कृति के मूल्यों से जुड़ सकें और पर्यावरण संरक्षण का संदेश ग्रहण करें।
इस आयोजन में शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आर्या कुमारी, अंकिता कुमारी, रीता कुमारी, विभा सिंह, रेखा तिवारी, पुष्पा शर्मा, संतोष तिवारी, संतोष शुक्ला, और चन्दन सिंह जैसे शिक्षकों ने छात्रों को तुलसी पूजन के महत्व को समझाने और कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
विद्यालय के प्राचार्य जय प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा की तुलसी पूजन दिवस भारतीय संस्कृति को सहेजने और नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है। हमारा उद्देश्य छात्रों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना और उनकी जड़ों से जोड़ना है।इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने तुलसी पर आधारित निबंध लेखन, चित्रकला और कविता पाठ में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजयी छात्रों को पुरस्कृत किया गया।
पूरे कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बना। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं था, बल्कि एक संदेश था कि हमारी परंपराएं और प्रकृति दोनों ही हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं।














