
रक्षाबंधन उत्सव पर आनंद मिश्र ने दी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान का वचन!
बीआरएन बक्सर । जासो रोड स्थित आनंद सेवा केंद्र कार्यालय में रक्षाबंधन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। शहर के कोने-कोने से आई सैकड़ों बहनों ने पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं चर्चित युवा नेता आनंद मिश्र को राखी बांधकर पवित्र रक्षाबंधन पर्व को धूमधाम से मनाया। माहौल में भक्ति, भाई-बहन के प्रेम और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
उक्त मौके पर श्री मिश्र ने कहा कि हिंदू परंपरा में रक्षाबंधन केवल धागा बांधने का उत्सव नहीं, बल्कि यह धर्म, विश्वास और रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। यह वह बंधन है जिसमें भाई अपनी बहन की रक्षा, सम्मान और खुशहाली के लिए जीवन समर्पित करने का वचन देता है।यह पर्व हमें यह याद दिलाता है कि समाज तभी मजबूत बनता है, जब उसकी बेटियां सुरक्षित और सम्मानित हों। हमें केवल घर की बहनों ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की हर बेटी को अपनी बहन मानकर उसकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लेना चाहिए।पूर्व आईपीएस अधिकारी श्री मिश्र ने इस अवसर पर बक्सर की सभी बेटियों से वादा किया कि उनकी शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के लिए वे सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़े रहेंगे। जब तक इस धरती पर सांस है, तब तक बक्सर की किसी भी बेटी की आंख में डर का साया नहीं आने दूंगा। आपकी हर समस्या, मेरी अपनी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में बहनों को उपहार और मिठाइयां वितरित की गईं तथा सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्र और समाज की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।















