
बाल दिवस पर डॉ. मनोज पांडे ने याद किए चाचा नेहरू के योगदान..
बीआरएन बक्सर । भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बाल दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने की।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने नेहरू जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. पांडे ने कहा कि आज हम उस महान व्यक्तित्व को नमन कर रहे हैं, जिन्होंने स्वतंत्र भारत में लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था की मजबूत नींव रखी। पंडित नेहरू का दूरदर्शी नेतृत्व न केवल भारत बल्कि विश्व राजनीति के लिए भी मार्गदर्शक सिद्ध हुआ। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और सामाजिक प्रगति को भारत के विकास की आधारशिला बनाया। डॉ. पांडे ने आगे कहा कि नेहरू जी का जीवन इस बात का प्रतीक है कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और आदर्शों का मार्ग नहीं छोड़ा जाता। उन्होंने सत्य, अहिंसा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमेशा अडिग रहते हुए समाज के वंचित, गरीब और कमजोर वर्गों की सेवा को अपना प्रथम कर्तव्य माना।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. पांडे ने कहा कि नेहरू जी के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता संग्राम के समय थे। लोकतंत्र, विज्ञान, शिक्षा और मानवता जैसे मूल्य अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन और राष्ट्र के प्रति अपने नैतिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के संकल्प के साथ किया गया।कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. प्रमोद ओझा, ब्रृज किशोर पांडे, भृगुनाथ तिवारी, संजय कुमार दुबे, राजू यादव, बब्बन तुरहा, दिवाकर सेठ, रविंद्र राय, पुनीत सिंह, महेंद्र चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेसजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।














