आशा भोसले के निधन पर डॉ. मनोज पांडे ने जताया गहरा शोक
बी आर एन बक्सर । जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।डॉ. पांडे ने अपने शोक संदेश में कहा कि आशा भोंसले जी का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपनी मधुर, बहुमुखी और अद्वितीय आवाज़ से न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में भारतीय संगीत को नई पहचान दिलाई। उनकी गायकी में शास्त्रीयता, आधुनिकता और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलता था, जिसने हर पीढ़ी के श्रोताओं को प्रभावित किया। उन्होंने आगे कहा कि आशा भोंसले जी ने हजारों गीतों के माध्यम से संगीत प्रेमियों के जीवन को समृद्ध किया। फिल्मी गीतों के साथ-साथ ग़ज़ल, भजन, पॉप और विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में उनकी प्रस्तुति ने उन्हें एक बहुआयामी कलाकार के रूप में स्थापित किया। उनका योगदान सदैव अमिट रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।डॉ. पांडे ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस दुखद घड़ी में धैर्य एवं शक्ति दें।













