
सहायक शिक्षिका मंजू कुमारी को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में उमड़े शिक्षक व गणमान्य लोग
बीआरएन राजपुर (बक्सर) : राजपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय देवढ़ियाँ में शनिवार को सहायक शिक्षिका मंजू कुमारी के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनकी शैक्षणिक सेवाओं की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य विद्यालय देवढ़ियाँ के सेवानिवृत्त शिक्षक दूधनाथ राम ने की, जबकि मंच संचालन चंदन कुमार भारती एवं मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मंजू कुमारी ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। विद्यालय की शिक्षिका कामिनी कुमारी ने कहा कि उनकी कार्यनिष्ठा, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में मंजू कुमारी ने सभी अतिथियों, सहकर्मियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवढ़ियाँ विद्यालय और यहां के लोगों का स्नेह उन्हें सदैव याद रहेगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व बीआरपी राजपुर विनोद कुमार पांडेय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्लस टू रघुवंशी कुंवारी उच्च विद्यालय तियरा के प्रधानाध्यापक बृजेश कुमार, उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी के प्रधान शिक्षक धनंजय मिश्रा, उच्च माध्यमिक विद्यालय देवढ़ियाँ के प्रधानाध्यापक श्रीराम राय, मध्य विद्यालय देवढ़ियाँ के प्रधानाध्यापक मोहम्मद असजद, ग्राम पंचायत देवढ़ियाँ के मुखिया संजय यादव, सरपंच प्रतिनिधि शंभूनाथ मिश्रा सहित कंपलेक्स रिसोर्स सेंटर उच्च माध्यमिक विद्यालय देवढ़ियाँ के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।समारोह का समापन सम्मान समारोह एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ।















