
राजपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, मरीजों की उमडी भीड
बीआरएन बक्सर । प्रखंड मुख्यालय राजपुर में थाना रोड के समीप पंचायत भवन परिसर में रविवार को मां शारदा संजीवनी हॉस्पिटल, बक्सर के सौजन्य से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण किया।
शिविर का उद्घाटन राजपुर के मुखिया अनिल कुमार सिंह, सरपंच विश्वामित्र सिंह, डॉ. ए.डी. उपाध्याय एवं डॉ. मोहिनी खेमरिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शिविर में स्त्री रोग, नेत्र रोग तथा हृदय एवं फेफड़ों से संबंधित समस्याओं की जांच के लिए चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और अपनी बीमारियों से संबंधित चिकित्सकीय सलाह प्राप्त की।
इस अवसर पर डॉ. ए.डी. उपाध्याय ने बताया कि शिविर में मरीजों की शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच के साथ महिलाओं से संबंधित विभिन्न बीमारियों, आंखों तथा फेफड़ों की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित परामर्श दिया जा रहा है। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श से बीमारियों की पहचान कर उनके उपचार में मदद मिल सकती है।
शिविर के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श की सुविधा मिली। इस मौके पर कृष्ण सिंह, वंश नारायण राम सहित पंचायत के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।













