
धम्मविजय महोत्सव मे मना अशोक महान का सम्मान दिवस
सम्राट अशोक ने फैलाया शांति, अहिंसा और धम्म के सिद्धांतों को– ऋतुराज मौर्य
बीआरएन बक्सर । विराट नगर, बुद्ध मार्ग में धम्मविजय महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को प्रियदर्शी सम्राट अशोक महान का सम्मान दिवस मनाया गया। धम्मविजय महोत्सव के अध्यक्ष ऋतुराज मौर्य ने बताया कि सम्राट अशोक महान मौर्य साम्राज्य के तीसरे और विश्व के सबसे प्रतापी सम्राट हुए। भारत के महानतम सम्राट का जन्म 304 ईसा पूर्व में हुआ था और 269 ईसा पूर्व मे उनका राज्याभिषेक हुआ। ईरान से लेकर वर्मा (वर्तमान में म्यांमार) तक अशोक का शासन था। सारनाथ में अशोक के द्वारा बनवाए हुए लाट से चार मुखों वाले सिंह स्तंभ को भारत सरकार ने अशोक स्तंभ के नाम से अपना राजकीय चिन्ह घोषित किया। मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य मनोज कुशवाहा ने कहा की भारत सरकार ने सदैव अशोक की नीतियों का अनुसरण किया है, जैसे भारत सरकार का अपने पड़ोसियों से अच्छे संबंध बनाने की कोशिश, अशोक द्वारा अपने पुत्र महेंद्र और पुत्री संघमित्रा को श्रीलंका भेज कर धम्म नीति के तहत संबंधों को प्रगाढ़ करने से प्रेरित है। पहली बार पशुओं और पक्षियों के लिए अस्पताल बनवाना तथा पूरे भारत में पशु वध और बलि प्रथा को प्रतिबंधित करने जैसा महान कार्य अशोक ने किया। आज का ग्रैंड ट्रंक रोड जो दक्षिण एशिया का सबसे पुराना है और लंबे मार्गो में से एक है जो बांग्लादेश के चटगांव से शुरू होकर लाहौर (पाकिस्तान) से होते हुए काबुल (अफगानिस्तान) तक जाता है, इसे सम्राट अशोक ने बनवाया था। जिसकी मरम्मत बाद में 16वीं सदी में शेरशाह सूरी द्वारा की गई। मानव कल्याण के लिए अशोक महान ने सड़कों के किनारे पेड़ लगवाए तथा कुएं खुदवाए। सम्राट ने जनता के बीच शांति, अहिंसा और धम्म के सिद्धांतों को फैलाया।
विशेष अतिथि बिहारी पासवान ने बताया कि इतिहास में सम्राट अशोक का स्थान देव तुल्य है जिसकी वजह से उनको देवनामप्रिय प्रियदर्शी कहा जाता है अर्थात वो देवों के प्रिय सम्राट है। सामाजिक सौहार्द, धार्मिक सहिष्णुता, लोगों के बीच अनुशासन और शांति व्यवस्था को बनाए रखना यह सब सम्राट अशोक के शासन के मुख्य लक्षण है।सेवानिवृत ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जनार्दन राम ने बताया कि अशोक की नीतियों का हम लोगों का अनुसरण करना चाहिए। जीवन में शांति और अहिंसा को अपनाना चाहिए। इस कार्यक्रम में ज्योति प्रकाश, राज सिंह, सागर सम्राट, सोनू कुशवाहा, संतोष कुमार, धर्मदेव सिंह, सतेंद्र कुशवाहा (RLM), विक्की शाक्य, डॉ लाल मोहन, सम्राट सुनील मौर्य, शिक्षक श्रीनिवास राम, आदि उपस्थित रहे।