
पठन सामग्री एवम चाॅकलेट पाकर बच्चों के चेहरे पर दिखी मुस्कान ..
बीआरएन बक्सर । राष्ट्रीय युवा दिवस पर महर्षि विश्वामित्र फाउंडेशन ने बच्चों के बीच कॉपी पेंसिल और मिष्ठान्न वितरण कर स्वामी विवेकानंद के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे के निर्देश पर शाहाबाद संयोजक रविराज ने उक्त कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस मौके पर फाउंडेशन के समर्पित साथी हरिशंकर दुबे और शिक्षा सेवक धीरज कुमार, करण एवम विकास उपाध्याय ने भरपूर साथ दिया।
मौके पर बच्चों को संबोधित करते हुए रविराज ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के पद चिह्नों पर चलना जीवन का मूल मंत्र होना चाहिए। लोकतंत्र के निर्माण को लेकर स्वामी जी का स्पष्ट भाव था। वे सदा स्थायित्व पर विश्वास करते थे। बच्चों के संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्र की शक्ति आप हैं। आप ही पर इस देश के विकास का ढांचा निर्भर हैं। इसलिए आप शिक्षित हों। बच्चें पेंसिल ,कॉपी के साथ चॉकलेट प्राप्त कर काफी खुश दिखे।