
जाम में कैद बचपन:- घंटों फंसी रहीं स्कूल बसें
बक्सर रीजनल न्यूज । रेलवे द्वारा इटाढ़ी गुमटी बंद किए जाने और नव-निर्मित पुल के ध्वस्त होने के बाद इटाढ़ी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इटाढ़ी की ओर आने-जाने के लिए अब केवल पाण्डेय पट्टी गुमटी ही प्रमुख मार्ग बचा है। त्रिकोणीय मार्ग होने के कारण यहां प्रतिदिन जाम की समस्या बनी रहती है। सोमवार को विद्यालय खुलने के साथ ही स्थिति और गंभीर हो गई।
सुबह के समय इटाढ़ी रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, फाउंडेशन स्कूल, माउंट लिटेरा जी स्कूल, राज इनोवेशन एकेडमिक स्कूल, ग्लोबल स्कूल सहित कई विद्यालयों की बसें और अभिभावकों के वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। तेज धूप और उमस के बीच छोटे-छोटे बच्चे बसों में परेशान रहे। कई बच्चों को बसों से उतरकर पैदल स्कूल की ओर जाते देखा गया। वहीं, अभिभावकों और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इटाढ़ी गुमटी बंद होने तथा नव-निर्मित पुल के उपयोग में नहीं रहने से पूरे इलाके का यातायात पाण्डेय पट्टी गुमटी पर निर्भर हो गया है। सुबह और शाम के समय वाहनों का अत्यधिक दबाव रहने से रोजाना लंबा जाम लग रहा है। इसका असर स्कूली बच्चों, मरीजों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और आम लोगों पर पड़ रहा है।
नागरिकों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों ने जिला प्रशासन, रेलवे और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इटाढ़ी क्षेत्र की यातायात समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान किया जाए, ताकि आमजन को रोजाना जाम की समस्या से राहत मिल सके।













