रफ्तार का कहर:ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की हुई मौत ..
रामगढ़- देवहलियां पथ पर मसाढ़ी गांव के समीप हुआ हादसा
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा भभुआ
आरा मशीन पर करता था लकड़ी की चिराई का काम, गोगाढ़ी गांव में पसरा मातम
राजीव कुमार पाण्डेय (रामगढ़)। स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के रामगढ़- देवहलियां पथ पर मसाढ़ी मोड़ के समीप शुक्रवार की रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार मैकेनिक की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार मृत मैकेनिक गुड्डू शर्मा (45वर्ष) देवहलियां पंचायत के गोगाढ़ी गांव निवासी स्वर्गीय रामकेवल शर्मा का पुत्र बताया जाता है। वह रामगढ़ स्थित एक आरा मशीन पर लकड़ी चिराई का काम वर्षों से कर रहा था। बताया जाता है कि शुक्रवार को वह आरा मशीन से काम कर घर लौट रहा था। वह अपने घर के पास पहुंचने ही वाला था कि महज पांच सौ गज पहले सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। जिसके चलते उक्त मैकेनिक की मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे देवहलियां स्थित निजी क्लीनिक ले गए। वहां से रेफरल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने इलाज करने से पहले ही मैकेनिक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची रामगढ़ पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया है। इस घटना से गोगाढ़ी गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। जानकारी के अनुसार देवहलियां पंचायत के गोगाढ़ी गांव निवासी गुड्डू शर्मा रोजाना की तरह शुक्रवार को रामगढ़ स्थित खोरहरा रोड में अवस्थित आरा मशीन पर काम कर बाइक से घर लौट रहा था। लौटने के दौरान मैकेनिक घर पर जलावन के लिए लकड़ी के कुछ टूकड़े भी बाइक से लेकर जा रहा था। इसी दौरान मसाढ़ी गांव के पास हादसा हो गया। सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश शर्मा ने लोगों के सहयोग से दुर्घटनाग्रस्त मैकेनिक को तत्काल देवहलियां बाजार के नजदीकी क्लिनिक पर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे रेफर कर दिया। लेकिन एंबुलेंस से रेफरल अस्पताल रामगढ़ ले आने के दौरान रास्ते में ही मैकेनिक ने दम तोड़ दिया।
दिव्यांग बेटे समेत चार बच्चे हुए अनाथ
रामगढ़। आरा मशीन पर लकड़ी चिराई करने वाले मृत मैकेनिक गुड्डू शर्मा को तीन पुत्र व एक पुत्री है। एक पुत्र दिव्यांग है। अभी किसी भी बच्चे की शादी नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आजिविका का सारा दारोमदार इस मैकेनिक पर ही था। इस घटना से गोगाढ़ी गांव में मातम पसरा हुआ है।